सोमवार, 26 दिसंबर 2016

चीन से इटली तक भारत की रेंज में, शक्तिशाली एटमी मिसाइल अग्नि 5 का कामयाब परीक्षण

Pic Courtesy : DPR 
नई दिल्ली: लंबी दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल अग्नि-5 का ओडिशा के अब्दुल कलाम आइलैंड में सोमवार को किए चौथे सफल परीक्षण के बाद परमाणु युक्त अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) बनाने वाला भारत पांचवां देश बन गया है। इससे पहले रूस, अमेरिका, फ्रांस और चीन इस तरह की मिसाइल विकसित कर चुके हैं। मिसाइल की पूरी मारक क्षमता के साथ किये गये परीक्षण में सभी राडार और ट्रैकिंग सिस्टम ने मिसाइल के प्रदर्शन से जुड़े अलग-अलग मापदंडों की निगरानी की गई और पाया गया कि इसने अपने सभी लक्ष्य कामयाबी से पूरे किए हैं। इस सफल परीक्षण से देश में स्वदेशी मिसाइल निर्माण की क्षमता में इजाफा हुआ है। सेना में शामिल होने से पहले इसके और दो तीन टेस्ट किए जाएंगे फिर इसका उत्पादन होगा। खास बात ये है कि जरूरत पड़ने पर इसकी रेंज 5000 से अधिक भी बढ़ाई जा सकती है।
क्यों खास है अग्नि 5-
पाकिस्तान, अफगानिस्तान, इराक, ईरान और इटली समेत करीब आधा यूरोप इसकी जद में
चीन, रूस, मलेशिया, इंडोनेशिया, फिलीपींस तक निशाना लगाने की क्षमता
भारत की सबसे मारक मिसाइल का सफल परीक्षण, चीन-पाकिस्तान तक मारक क्षमता
5000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक लक्ष्य भेदने में सक्षम
1000 किलो तक वारहेड ले जाने में सक्षम
85 फीसदी स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल
20 मिनट में लक्ष्य पर हिट कर सकती है
अग्नि सीरीज की सबसे आधुनिक मिसाइल
तीन चरणों और सतह से सतह तक मार करने में सक्षम
नेवीगेशन, गाइडेंस, वारहेड और इंजन से जुड़ी नई तकनीकें शामिल
मिसाइल को आसानी से डिटेक्ट करना मुश्किल
मिसाइल में रिंग लेजर गायरो बेस्ड इनरशियल नेविगेशन सिस्टम (RINS) और माइक्रो नेविगेशन      सिस्टम (MINS) टेक्नीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे सटीक निशाना लगाने में माहिर।
मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टारगेटेबल री-एंट्री व्हीकल (MIRV) टेक्नीक के इस्तेमाल से एकसाथ कई टारगेट       पर वार कर सकेगी।
कई परमाणु वारहेड एक साथ छोड़े जा सकते हैं। एक बार छोड़ने के बाद रुकना नामुमकिन
17 मीटर लंबी अग्नि-5 का वजन 50 टन है। लॉन्चिंग सिस्टम में कैनस्टर टेक्नीक का इस्तेमाल किया     गया है। इसकी वजह से मिसाइल को आसानी से कहीं भी ट्रांसपोर्ट किया जा सकता है।
अग्नि में 85% स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
मिसाइल की तीन स्टेज हैं। ये सॉलिड फ्यूल से चलती है। कई न्यूक्लियर वॉरहेड एक साथ छोड़े जा सकेंगे।   एक बार छोड़ने पर इसे रोका नहीं जा सकेगा।

मोहनजोदड़ो की प्रसिद्ध ‘नर्तकी’ है मां पार्वती, भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद का दावा

Pic Courtesy : harappa.com
इतिहासकार का दावा है कि नर्तकी मां पार्वती है क्योंकि जहां शिव हैं, वहां शक्ति होनी ही चाहिए।

नई दिल्ली:  सिंधु घाटी सभ्यता के निवासी भगवान शिव के उपासक थे, इस तथ्य के पक्ष में और अधिक प्रमाण देते हुए भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के हिन्दी जर्नल इतिहास में छपी एक नई शोध पत्र में दावा किया गया है कि मोहनजोदड़ो से उत्खनन में मिली प्रसिद्ध नर्तकी मां पार्वती हैं।
राजधानी दिल्ली से प्रकाशित एक अंग्रेजी दैनिक में छपी खबर के मुताबिक सिंधु घाटी सभ्यता का संबंध वैदिक सभ्यता से जोड़ते हुए बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के सेवानिवृत प्रोफेसर ठाकुर प्रसाद वर्मा ने अपने इस शोध पत्र ‘वैदिक सभ्यता का पुरातत्व’ में दक्षिणपंथी इतिहासकारों के उस दावे को दोहराया है जिसमें ये कहा जाता रहा है कि सिंधु घाटी सभ्यता के निवासी भगवान शिव के उपासक थे। ये पहली बार है कि उत्खनन में मिली 2500 ई.पू की कांस्य नर्तकी की हिंदू देवी के रूप में व्याख्या की गई हो।
शोध पत्र आगे लिखता है कि मोहनजोदड़ो से खुदाई में प्राप्त कई कलाकृतियां उस काल में भगवान शिव की पूजा परंपरा के प्रचलन के साक्ष्य हैं। श्री वर्मा के मुताबिक, चारों ओर से जानवरों से घिरे योगमुद्रा में बैठे सिंगधारी योगी की तस्वीर वाली प्रसिद्ध मुहर भगवान शिव की पूजा के प्रचलन का ठोस साक्ष्य है। हालांकि मुहर में अंकित छवि की पहचान पर इतिहासकारों में अब तक मतैक्य नहीं रहा है। पुरातत्ववेत्ता जॉन मार्शल ने 1931 में योगी की इस मुद्रा की व्याख्या ‘आदि शिव’ के रूप में की थी। हालांकि बाद में कई इतिहासकार इस व्याख्या से सहमत नहीं हुए और कई इतिहासकारों ने तो इसे महिला की छवि बताया।
Pic Courtesy : wikiwand.com
सिंधु घाटी सभ्यता में भगवान शिव की पूजा के समर्थन में वर्मा और भी तर्क देते हैं। इसी क्रम में वर्मा मोहनजोदड़ों से उत्खनन में प्राप्त एक अन्य ‘पूरोहित’ की मूर्ति के शॉल पर तिपतिया पैटर्न का जिक्र करके उन्हें हिन्दू देवता का उपासक बताते हैं। वर्मा तिपतिया पैटर्न का संबंध हिन्दू धार्मिक पद्धति में विल्ब (बेलपत्र) पत्रों से जोड़कर बताते हैं कि विल्ब पत्रों का उपयोग भगवान शिव की उपासना के लिए आज भी किया जाता है।

हालांकि अन्य इतिहासकार श्री वर्मा की इस संकल्पना से सहमति नहीं जताते हैं। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय की प्रोफेसर और इतिहासकार सुप्रिया वर्मा कहती हैं कि ये पहली बार है कि किसी ने कहा है कि नर्तकी देवी पार्वती हो सकती हैं। आज तक किसी भी पुरातत्वविद् ने नर्तकी की व्याख्या देवी पार्वती या किसी अन्य देवी के रूप में नहीं की है। इस कलाकृति को एक युवती के रूप में ही अब तक देखा गया है। इससे ज्यादा इस पर कुछ कहना मुश्किल है। टेराकोटा कलाकृति की मार्शल ने मातृशक्ति के रूप में व्याख्या की थी हालांकि उन्होंने टेराकोटा की अन्य महिला कृतियों को खिलौना या जादू टोने से संबंद्ध बताया था।

इतिहास का ये ताजा अंक पिछले महीने प्रकाशित किया गया है। वाई एस राव के भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ये इतिहास पत्रिका का पहला प्रकाशन है। इतिहासकार सच्चिदानंद सहाय जर्नल के संपादक हैं।

सोमवार, 19 दिसंबर 2016

बड़े पैमाने पर लगातार धरे जा रहे नकदी के पीछे आखिर कौन सा ‘जिन्न’ कर रहा है काम

Pic Courtesy : NDTV
नई दिल्ली:  शुक्रवार को राजस्व विभाग ने बताया कि नोटबंदी के बाद से अब तक तीन सौ करोड़ रुपये की नकदी देश भर में जब्त की गई है। जिस तरह टैक्स अधिकारियों के छापे में धड़ाधड़ धरे जा रहे हैं नए नोटों के बंडल, उससे आम भारतीयों के मन में ये सवाल तो जरूर आ रहे हैं कि आखिर टैक्स अधिकारियों को मिल रही इस सफलता का राज क्या है?  इस सफलता के लिए नए नोट के सामने आने के बाद से कई तरह की थ्योरी सामने आई। किसी ने कहा कि नोटबंदी के बाद जारी किए गए नए नोट में चिप्स लगे हैं जिससे उसकी स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी ने बताया कि नए नोट में रेडियोएक्टिव इंक है जिससे उनकी लोकेशन स्पष्ट हो जाती है।
दरअसल इस रहस्य के पीछे है बैंकिग सॉफ्टवेयर। आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आठ नवंबर को नोटबंदी के एलान के बहुत पहले ही बैंकों के कम्युटर सॉफ्टवेयर में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए थे। इस बदलाव के बाद अपग्रेड किए गए इन सॉफ्टवेयर में नए सीरिज के नोट के छपने और बाद में उसके वितरण के डाटा संग्रहित हैं।
देश के अंदर विभिन्न इलाकों के लिए अलग अलग सिरीज की नकदी छापी गईं। इसलिए जब देश के एक राज्य का नोट किसी दूसरे राज्य में स्थित बैंक के पास पहुंचता है तो बैंक इस सूचना के जरिए आयकर विभाग और वित्त विभाग की खुफिया शाखा को सतर्क करती है। सॉफ्टवेयर की मदद से इस बात का पता बड़ी आसानी से लग जाता है कि किस खाताधारक को ये नोट जारी किए गए थे जिसके बाद छापे की कार्रवाई शुरू की जाती है और किसी भी तरह का संदेह होने पर वो धर लिए जाते हैं। इसलिए नोटबंदी के बाद धड़ाधड़ धरे जा रहे नए नोटों के पीछे हमारी वित्तीय इंटेलिजेंस, पुलिस और प्रौद्योगिकी के बीच समन्वय के जरिए इस सफलता की गाथा लिखी जा रही है।
दवाइयों के बोतल या टेब्लेट के पत्तों पर एक बैच नंबर लिखा होता है जिससे उसके थोक विक्रेता और खुदरा विक्रेताओं की पहचान थोड़ी सी ही मशक्कत के बाद साफ की जा सकती है। नए सिरीज के इन नकदी के साथ भी बिल्कुल इसी तरह की प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है। इससे ये पता बड़ी आसानी से लग जाता है कि किस राज्य के कौन से जिले की किस बैंक की कौन सी शाखा से ये नोट निकाले गए हैं। अगर किसी बैंक की शाखा से बड़ी संख्या में नोटों के बंडल जारी किए जाते हैं तो उपर बैठे इंटेलिजेंस के लोगों के पास खतरे की घंटी टन टना जाती है।
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय के अंदर वित्तीय मामलों का खुफिया सेल बैंक की संदिग्ध शाखाओं और खाताधारकों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। जैसे ही संदिग्ध ट्रांजेक्सन का अंदेशा होता है आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय राजस्व विभाग, खुफिया विभाग और पुलिस हरकत में आ जाती है।
देश भर में फैले पुलिस के गुप्तचरों के जाल का भी नोटबंदी के बाद बड़े पैमाने पर पकड़े जा रहे नकदी के पीछे बड़ा हाथ बताया जा रहा है। कई मामलों में समाज में अमीरों और गरीबों की बीच की बड़ रही खाई से उपजे असंतोष ने भी बड़े पैमाने पर पकड़ी जा रही नकदी के पीछे अपनी भूमिका निभाई है। मसलन अवैध तरीकों से कमाए धन से नवधनाढ्य बने लोगों को ड्राइवरों या नौकरों का असंतोष भी खुफिया अधिकारियों या पुलिस के लिए बड़े पैमाने पर सूचना जुटाने के लिए उपयोगी साबित हुआ है।

रविवार, 11 दिसंबर 2016

नकदी का हिसाब किताब छोड़िए मालिक ! करोड़पति होना है तो ई-पेमेंट कीजिए !

Pic Courtesy: The Economic Times
नकदी का हिसाब किताब छोड़िए मालिक ! करोड़पति होना है तो ई-पेमेंट कीजिए। जी हां, आप सही पढ़ रहे हैं। डिजिटल पेमेंट कीजिए और करोड़पति हो जाइए। क्या कहा, ऐसे कैसे मिल जाएगा करोड़ रुपये?  अरे साहब, नोटबंदी के बाद केंद्र सरकार का सारा जोर अब नकद लेन देन की आदत पर लगाम लगाने की है और वो डिजीटल बटुए को बढ़ावा देने की नीति पर आगे बढ़ रही है।
ऐसे में नीति आयोग ने एक योजना बनाई है जिसके तहत इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के मकसद से आयोग एक करोड़ रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार देगी। ये पुरस्कार उनको दिया जाएगा जो डिजिटल पेमेंट करते हैं।
आयोग ने इसके लिए नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) योजना की रुपरेखा बनाने और उसको जल्द लांच करने को कहा है। सूत्रों की माने तो इसके लिए एनपीसीआई फंड से 125 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की सारी तैयारी भी पूरी कर ली गई है। एनपीसीआई यानि नेशनल फाइनेंशियल इन्क्लुशन फंड रिटेल पेमेंट सिस्टम को चलाने वाला वो संगठन है जिसकी छतरी के तले एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ोदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, आई सी आई सी आई, एचडएफसी बैंक, सिटी और एचएसबीसी बैंक अपनी पेमेंट प्रणाली चलाती हैं।
इस प्रोत्साहन पुरस्कार योजना का मकसद गांवों और छोटे शहरों में डिजिटल बटुए को लोकप्रिय बनाना है। सूत्र बता रहे हैं कि एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि के लिए प्रत्येक पंद्रह दिनों में डिजिटल ट्रांजेक्शन आईडी के ड्रॉ निकाले जाएंगें। इस योजना में फोकस देश के गरीब, निम्न मध्य वर्ग और छोटे व्यापारियों को रखा जाएगा। यही नहीं एक करोड़ रुपये के इस पुरस्कार के लिए अलावा दस ग्राहको औऱ दस व्यापारियों को प्रति सप्ताह दस दस लाख रुपये के भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
नीति आयोग का मानना है कि नोटबंदी के एलान के बाद से डिजिटल ट्रांजेक्शन में अच्छी खासी बढोत्तरी हुई है। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि नोटबंदी के एलान के बाद डिजिटल पेमेंट में तीन सौ फीसदी की बढोत्तरी हुई है।
इस योजना के तहत सभी ग्राहक और व्यापारी जो USSD, UPI  और RuPay कार्ड आदि तरीकों से पेमेंट कर रहे हैं वो इस पुरस्कार राशि पाने की पात्रता रखते हैं। जानकारी के मुताबिक आयोग इस महीने के अंत तक इस योजना को लांच करेगा औऱ जिन्होंने भी नोटबंदी के एलान के बाद इस डिजिटल बटुए का इस्तेमाल किया हो वो करोड़पति होने के इस कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं।
तो चलिए क्या पता अगली लॉटरी आप ही की निकल जाए ! हम भी दिल थाम कर इंतजार करते हैं कि आखिर कौन बनेगा पहला करोड़पति?

मंगलवार, 6 दिसंबर 2016

कन्याकुमारी के तट पर सियासी शून्यता

Pic Courtesy: Twitter Account of PM Narendra Modi
फाइटर जयललिता नहीं रहीं। एमजीआर की समाधी के बगल में ही पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार आज किया गया। अपनी बीमारी से लड़ती जयललिता जीवन और मौत के संघर्ष की आखिरी और संभवत पहली लड़ाई हार गईं और इसी के साथ संभवत तमिलनाडू के एक और सियासी युग का पटाक्षेप हो गया।
93 वर्षीय द्रमुक प्रमुख करूणानिधि अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। ज़ाहिर है करूणानिधी भी अब बहुत सक्रिय नहीं रह पाएंगे। ऐसे में तमिलनाडु के दूसरे प्रमुख राजनीतिक दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम के लिए भी उत्तर करूणानिधी युग किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
अपनी बीमारी से लड़ती जयललिता के इस पूरे दौर में जिस तरह उनकी पुरानी सहयोगी और मित्र शशिकला एक बार फिर सक्रिय हुईं वो सक्रियता परदे पर पहली बार जयललिता की मौत के बाद दुनिया के सामने तब आया जब जयललिता के मृत शरीर के साथ उनके आवास पर शशिकला को पुरे समय तक लोगों ने खड़े देखा। अंतिम यात्रा में ट्रक पर शशिकला साथ थीं और मुख्यमंत्री जयललिता का अंतिम संस्कार की रस्मों को भी उनकी सखी रहीं शशिकला ने ही पूरा किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जयललिता को श्रद्धांजली देने पहुंचे। जिस तरह से जयललिता के शव के पास खड़ी और सिसक रही शशिकला के सिर पर हाथ फेरकर प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें सांत्वना दिया वो तस्वीर पुरे देश ने देखा। जयललिता को श्रद्धांजली देने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को देखकर आधी रात को मुख्यमंत्री बने ओ पनीरसेल्वम जिस तरह सिसक पड़े औऱ प्रधानमंत्री ने उन्हें सांत्वना दिया वो वाकया भी टेलीविजन न्यूज चैनलों के लगातार प्रसारण के जरिए पूरे देश ने देखा।
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री पनीर सेल्वम और जयललिता की सबसे करीबी रही शशिकला को सांत्वना देने के साथ जयललिता के सम्मान में कुछ ऐसे फैसले किये जो अभूतपूर्व हैं। जयललिता के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय शोक का एलान किया है जो आमतौर पर किसी मुख्यमंत्री के निधन पर नहीं किया जाता है। इसके अलावा आज संसद के दोनों सदनों को स्थगित करके सरकार ने जयललिता के प्रति अपना सम्मान जाहिर किया। जब जयललिता अस्पताल में भर्ती थीं, तब भी बीजेपी के तमाम बड़े नेता उनका हालचाल जानने के लिए चेन्नई जाते थे।
जयललिता के साथ बीजेपी के रिश्ते उतार चढ़ाव भरे रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके व्यक्तिगत रिश्ते शुरू से अच्छे रहे हैं। बीजेपी के लिए अच्छी बात ये है कि जयललिता की पार्टी के साथ उसका रिश्ता काफी अच्छा रहा है।
यूपीए सरकार के दिनों में आँध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी की मौत के बाद जगन मोहन रेड्डी के साथ तत्कालीन केंद्र सरकार का व्यवहार देखकर और उसके बाद आंध्र प्रदेश में हुई पार्टी की दुर्गति से वर्तमान केद्र सरकार के इस सावधान रवैये को आसानी से समझा जा सकता है।
जयललिता की मौत के एक घंटे के भीतर मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम के साथ 30 से अधिक मंत्रियों ने शपथ ग्रहण कर सरकार के स्तर पर उपजी शून्यता को तत्काल भर दिया। अब सवाल पार्टी के महासचिव पद के लिए जयललिता के उत्तराधिकारी चुने जाने का है। समर्थकों के बीच चिनम्मा के नाम से मशहूर शशिकला क्या इस जिम्मेदारी को संभालेंगी?  क्या अम्मा की जगह चिनम्मा होंगी? जाहिर है इस पूरे दौर में जो संकेत उभरे हैं उससे तो ऐसा ही लगता है। हालांकि अगर ऐसा होता भी है तो शशिकला के लिए आगे की राह आसान है ऐसा भी नहीं।
यहीं से शायद केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के लिए तमिलनाडु में सियासी संभावनाओं के द्वार खुले सके। यही वजह है कि जयललिता की बीमारी के इस पुरे दौर में केंद्र सरकार ने भी बड़ी ही फूंक फूंक कर सावधानी से कदम उठाए। जयललिता के जाने से कमजोर पड़ी अन्नाद्रमुक के लिए ये बेहतर विकल्प होगा कि पार्टी केंद्र सरकार और भाजपा के साथ अच्छे संबंध रख कर पार्टी के समक्ष आई इस बड़ी चुनौती से पार पाए।
कन्याकुमारी स्थित विवेकानंद रॉक से हार्दिक संबंध रखने वाले इस देश के दक्षिणपंथ को भी संभवत कन्याकुमारी के तट तक अपने पांव पसारने के लिए यही मुफीद मौका दिख रहा है। तमिलनाडु के आने वाले भविष्य की राजनीति बहुत कुछ इन्हीं दांव पेंचों के जरिए तय होगी क्योंकि वहां पिछले चार पांच दशकों की ‘कल्ट’ सियासत दम तोड़ती नजर आ रही है और राज्य के नए सियासी योद्धा अब तक खुद को कल्ट में तब्दील नहीं कर पाए हैं। 

रविवार, 4 दिसंबर 2016

एक परिवार ने दो लाख करोड़ रुपये की आय सार्वजनिक कर आईटी डिपार्टमेंट को चौंकाया, सरकार ने बिठाई जांच

Pic Courtesy: IT Dept. 
मुंबई: अहमदाबाद के व्यापारी महेश कुमार चंपकलाल शाह के 13,860 करोड़ रुपये की आय को सार्वजनिक किए जाने के बाद अब मुंबई के चार सदस्‍यीय परिवार ने दो लाख करोड़ रुपये की आय की घोषणा कर सरकार को भी चौंका दिया है। दरअसल ये दोनों घोषणाएं केंद्र सरकार द्वारा इस साल बजट में लाई गई इन्कम टैक्स डिक्लरेयशन स्कीम 2016 के तहत की गई हैं जिसकी मियाद 30 सितंबर, 2016 को खत्म हुई है।
मुंबई स्थित बांद्रा के चार सदस्यों वाले परिवार मोहम्मद सैयद, मोहम्मद आरिफ अब्दुल रज्जाक सैयद, रूखसाना अब्दुल रज्जाक सैयद और नुरजहां मोहम्मद सैयद ने आईडीएस2016 स्कीम के तहत अपनी चार सदस्यों के परिवार की आय दो लाख करोड़ रुपये दिखाई जिसके बाद आयकर अधिकारियों ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी। वित्‍त मंत्रालय ने कहा है कि इस मामले की पूरी जांच होगी। वित्‍त मंत्रालय का कहना है कि इस परिवार की घोषणाएं ''संदिग्‍ध चरित्र की लगती हैं क्‍योंकि इस परिवार के आय के संसाधन सीमित हैं''।
सरकार ने इस योजना के तहत दोनों ही घोषणाओं को खारिज करते हुए दोनों ही मामलों में जांच बिठा दी है। इस परिवार में अब्‍दुल रज्‍जाक मोहम्‍मद  सैयद, पुत्र मोहम्‍मद आरिफ अब्‍दुल रज्‍जाक सईद, पत्‍नी रुखसाना अब्‍दुल रज्‍जाक सैयद और बेटी नूरजहां मोहम्‍मद सईद हैं और ये परिवार मुंबई के ब्रांदा इलाके में रहता है। इस परिवार के तीन सदस्‍यों के पैन कार्ड अजमेर के पते पर बने थे और इसी सितंबर में ये लोग मुंबई आएं जहां ये वित्‍त घोषणाएं की।
ये घोषणाएं इस साल बजट में घोषित की गई स्‍कीम के तहत की गई थीं। इस स्‍कीम के तहत यदि कोई अघोषित आय को जाहिर करता है तो उसको घोषित आय का 45 प्रतिशत टैक्‍स, सरचार्ज और पेनल्‍टी के रूप में देना होगा। इस स्‍कीम की अंतिम तारीख 30 सितंबर थी और इसके तहत तकरीबन 71 हजार लोगों ने कुल 67,382 करोड़ रुपये की घोषणा की। सईद परिवार ने जो घोषणा की है, वह इस घोषित राशि से तिगुनी है।
इस संदर्भ में वित्‍त मंत्रालय ने अहमदाबाद के बिजनेसमैन महेश शाह केस का हवाला दिया। शाह ने 13 हजार करोड़ रुपये के काले धन की घोषणा के बाद से पिछले महीने से लापता था। सरकार ने उसकी भी घोषणाओं को खारिज कर दिया। बाद में जब शाह प्रकट हुआ तो इसने बताया कि ये पैसा उसका नहीं है बल्कि राजनेताओं, नौकरशाहों और बिल्‍डरों का है।
शाह से रविवार को भी सात घंटे तक पूछताछ की गई और स्‍वास्‍थ्‍य कारणों से उसको घर जाने की अनुमति दी गई। अब उससे सोमवार को पूछताछ होगी।

डिजीटल इंडिया के सपने देख रहे देश को जावेद ने दिखाई हकीकत, पीएम नमो एप हैक

नई दिल्ली: नोटबंदी के बाद कैशलेस ट्रांजेक्शन और डिजीटल इंडिया की उड़ान पकड़ती मुहिम को मुंबई के एक 22 साल के युवा ने आईना दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नोटबंदी के फैसले पर पुरा देश तमाम कठिनाइयों के बाद जहां पीएम के फैसले को सिर्फ इस उम्मीद से स्वीकार करता दिख रहा है कि शायाद इससे कालेधन के प्रवाह को रोका जा सके। फैसले के क्रियान्वयन और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए समुचित तैयारी का अभाव लोगों के लिए बेहद कठिनाइयों की वजह भी बना है।
ऐसे में बार बार लगातार केंद्र सरकार की और दिए जा रहे गो डिजीटल का  नारे की वास्तविकता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ये सवाल है कि इस रास्ते पर आगे तो बढ़ा जा सकता है लेकिन क्या ये रास्ता सुरक्षित है। और अगर सुरक्षित है तो क्या सरकारी महकमें की ओर से वाकई इसे सुरक्षित बनाए रखने के प्रबंध किए गए हैं। इसके जवाब में सरकारी दावा जो कुछ भी हो लेकिन हकीकत इससे कोसों दूर दिख रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आईफ़ोन, एंड्रॉयड और विंडोज फोन के लिए काफी धूमधाम के साथ लांच किए गए आधिकारिक नमो ऐप लांच को मुंबई के एक 22 वर्षीय डेवलपर ने हैक कर इस ऐप की कई सुरक्षा खामियों को उजागर कर दिया है।
युवक जावेद का कहना है कि मैने पीएम मोदी के नमो ऐप को हैक किया है , लेकिन उसका इरादा हानि पहुंचाना नहीं बल्कि सुरक्षा खामियों को उजागर करना था। जावेद के अनुसार ऐप में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने की वजह से सत्तर लाख यूजर्स की जानकारी सार्वजनिक हो सकती थी।
जावेद के इस दावे को बीजेपी ने खारिज किया है। हालांकि इस काम के लिए बीजेपी ने जावेद को थैंक्स कहा है। भाजपा के सूचना एवं तकनीकी के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने बताया कि इस ऐप में कोई निजी या संवेदनशील डेटा नहीं है। मालवीय ने कहा कि हम जावेद खत्री को धन्यवाद देना चाहते हैं कि डेवलपर ने ऐप की सुरक्षा पर बहुत ध्यान दिया है।
बता दें कि गुरुवार की देर रात पेशे से मोबाइल ऐप डेवलपर जावेद खत्री ने दावा किया कि उसने पीएम मोदी के ऐप को हैक किया है और वह यूजर्स के निजी डेटा तक पहुंच बना सकता है। निजी डेटा में ईमेल आईडी और यहां तक कि केंद्रीय मंत्रियों के मोबाइल नंबर भी शामिल हैं। युवा हैकर ने बताया यह सिर्फ इस सुरक्षा बचाव को दिखाने का रास्ता है जो मैं दिखाना चाहता है। सात लाख से अधिक यूजर की गोपनीयता दांव पर है अगर इसे नजरअंदाज कर दिया जाता है तो।
मुंबई के घाटकोपर में रहने वाले पेशे से मोबाइल ऐप डवलपर जावेद ने गुरुवार (एक दिसंबर) की रात को एक वेबसाइट को बताया कि उसने प्रधानमंत्री की ऐप को हैक कर लिया है। इसके जरिए यूजर्स के प्राइवेट डाटा जैसे मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को एक्‍सेस किया जा सकता है। यहां तक कि केंद्रीय मंत्रियों के मोबाइल नंबर भी लिए जा सकते हैं। जावेद के अनुसार उसने 70 लाख यूजर्स के डाटा की सिक्‍योरिटी में खामी को सामने लाने के लिए ऐसा किया।
हालांकि भाजपा की आईटी सेल की ओर से कहा गया कि ऐप में कोई निजी या संवेदनशील डेटा नहीं है। ऐप यूजर की जानकारी ऐनक्रिप्‍टेड मोड में होती है। गौरतलब है कि पिछले दिनों ही कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी का टि्वटर अकाउंट हैक हो गया था। हैकर ने उनके अकाउंट से गालियां ट्वीट कर दी थी। इसके बाद कांग्रेस का आधिकारिक अकाउंट भी हैक कर लिया गया था।
ऐसे में ये सवाल एक आदमी के मन में जरूर उठ रहा है कि जब इतने हाई प्रोफाइल लोगों के अकाउंट भी अगर सुरक्षित नहीं तो क्या सिर्फ इस तरह की तैयारयों के दम पर अपनी गाढ़ी कमाई को उस रास्ते पर लाया जाए जिसकी सुरक्षा को लेकर सत्ता प्रतिष्ठान के पास न तो कोई ठास दावे हैं और न हीं भविष्य का कोई रोड मैप?

गुरुवार, 1 दिसंबर 2016

राहुल गांधी का ट्वीटर अकाउंट हैक, कांग्रेस ने डिजीटल सुरक्षा पर उठाए सवाल

Pic Courtesy: @officeOfRG
नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को बुधवार की रात हैक कर लिया गया जिसे बाद में रिस्टोर कर लिया गया है। राहुल गांधी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट @OfficeOfRG को हैक कर हैकर ने अपशब्द ट्वीट किया। हैकिंग के बाद कांग्रेस ने देश की डिजिटल सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।
राहुल का अकाउंट बुधवार रात करीब 8 बजकर 40 मिनट पर हैक हुआ और जिसकी जानकारी सोशल मीडिया टीम को 15 मिनट बाद ही हो गई। उस पर अपशब्दों से भरे कुछ मैसेज डाल दिये गये जिसे तुरंत ही डिलीट कर दिया गया। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्विटर अकाउंट हैकिंग की निंदा करते हुए इसे गिरी हुई हरकत बताया। सत्यापित ट्विटर हैंडल का नाम ऐट द रेट ऑफ आफिसऑफआरजी को भी बदल दिया गया। देर रात अकाउंट रीस्टोर कर दिया गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने राहुल गांधी के ट्वीटर अकाउंट के हैक होने के बाद केंद्र सरकार की डिजीटल इंडिया के नारों पर सवाल खड़े किए और नोटबंदी के बाद देश को कैशलेश इकॉनमी की ओर ले जा रहे केंद्र सरकार के प्रयासों पर भी प्रश्नचिन्ह लगाए। अहमद पटेल ने ट्वीट कर लिखा, ‘जिस तरह से राहुल गांधी का ट्वीटर अकाउंट हैक हुआ और साइबर क्राइम सेल और ट्वीटर असहाय बना रहा उससे देश के डिजिटल इंडिया और डिजिटल सुरक्षा के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। जो लोग देश को नोटबंदी के जरिए ऑनलाइन पेमेंट प्रणाली की ओर जबरदस्ती धकेल रहे हैं क्या उन्होंने देश के आम लोगों के अकाउंट को हैकिंक से बचाने के लिए कोई ठोस कदम की अभी तक व्यवस्था की है?’
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘इस तरह की घटिया चालों से तर्कपूर्ण बातें खत्म नहीं होगी ना ही आम आदमी के मुद्दे उठाने से राहुल गांधी पीछे हटेंगे’। सुरजेवाला ने कहा, ‘राहुल गांधी के ट्विटर हैंडल को हैक करने में बिकाउ ट्रोलों का इस तरह अशोभनीय, अनैतिक और शातिर आचरण विद्यमान फासीवादी संस्कृति की असुरक्षा को दिखाता है’। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘ऐट द रेट ऑफ ऑफिसऑफआरजी की हैकिंग हम सब के इर्द गिर्द डिजिटल सुरक्षा की कमी को साबित करता है। हरेक डिजिटल सूचना तक पहुंचा जा सकता है, तोड़ा मरोड़ा जा सकता है’।
हैकर ने ट्वीट में अपशब्द कहे और गांधी परिवार के भीतर भ्रष्टाचार की बातें कह और कई भद्दी टिप्पणियां लिखीं। रणदीप सुरजेवाला ने इसे नीच हरकत बताया है।
नोटबंदी के फैसले का विरोध कर रही कांग्रेस ने राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट के हैक होने के मामले को लेकर डिजिटल सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बता रही है कि डिजिटल सुरक्षा कितनी बड़ी चुनौती है. गौरतलब है कि मोदी सरकार ने नोटबंदी के फैसले के पीछे काले धन का खात्मा और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देना मुख्य लक्ष्य बताया था।
कांग्रेस की ओर से इस मामले को साइबर सेल में भी दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। कांग्रेस ने कहा है कि वह मामला संसद में शून्यकाल में उठाएगी।

शनिवार, 26 नवंबर 2016

नोटबंदी : चीनी मीडिया ने मोदी के कदम को ‘साहसिक जुआ’ बताया, कहा चीन भी लेगा सबक

बीजिंग : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले को बहुत साहसिक कदम बताते हुए चीन की सरकारी मीडिया ने लिखा है कि भले ही ये कदम सफल हो या असफल पर भ्रष्टाचार पर इसके असर से चीन सबक लेगा। चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक पीएम मोदी के नोटबंदी का ये पहल चाहे सफल हो या असफल लेकिन इससे एक उदाहरण पेश किया गया है और चीन भ्रष्टाचार पर इसके प्रभावों से जरूर सबक लेगा।
सरकारी समाचार पत्र ग्लोबल टाइम्स में  ‘मोदी टेक्स ए गैम्बल विथ मनी रिफॉर्म’ शीर्षक से छपे संपादकीय में लिखा गया है, ‘नोटबंदी का मोदी का कदम बहुत ही साहसिक है। अगर चीन में 50 या 100 युआन के नोट बंद कर दिए जाएं तो, चीन में क्या होगा हम इसके बारे में अभी कल्पना नहीं कर सकते हैं। मोदी ने करंसी रिफार्म पर फैसला लेकर एक जुआ खेला है’। ज्ञात हो कि 100 युआन चीन की सबसे बड़ी मुद्रा है।

पत्र आगे लिखता है, ‘नोटबंदी की खबर को इसके क्रियान्वयन में आनी वाली चुनौतियों के बावजुद पुरी तरह गुप्त रखा गया था ताकि इस फैसले के इसके मकसद को पूरी तरह से हासिल किया जा सके। नोटबंदी का यह फैसला ब्लैकमनी के खिलाफ है। हालांकि मोदी इसे लागू करने से पहले दुविधा में थे’। अखबार फैसले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के मन में दुविधा की स्थिति का भी जिक्र करता है। अखबार लिखता है कि मोदी इस समय दुविधा की स्थिति में हैं क्योंकि इस सुधार का मकसद कालेधन को बेकार करना है लेकिन यह प्रक्रिया कोई नई नीति की शुरूआत से पहले जन समर्थन हासिल करने के प्रशासन के सिद्धांत के विपरीत है।

संपादकीय में लिखा गया है, ‘भारत में लगभग नब्बे फीसदी लेन-देन कैश में होता है। देश में कुल कैश का 85 प्रतिशत नोट पांच सौ और हजार रुपये के रुप में थे। सरकार के इस फैसले से आम जनता को रोजाना जिंदगी में काफी दिक्कतें भी हुई हैं। यहां तक कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इसे संगठित लूट तक करार दे दिया’। अखबर लिखता है, ‘नोटबंदी से भ्रष्टाचार पर रोक लग सकती है। लेकिन इसको बढावा देने वाले सामाजिक और राजनीतिक मसले का समाधान मुश्किल है जो इसको बढ़ावा देने में मददगार रहे हैं’।

संपादकीय के अनुसार, ‘मोदी का नोटबंदी का फैसला एक जुआ है। इसे लागू करने से लेकर आम जनता की बर्दाश्त करने की क्षमता की परख होनी है। उम्मीद है कि इसके फायदे अन्य दूसरी चीजों के असर को कम करने में सफल होगी’।  इसमें कहा गया है कि भारत की ‘पश्चिमी शैली’ की लोकतांत्रिक प्रणाली में इस प्रकार के साहसिक कदमों के लिए कम ही स्थान है। संपादकीय में कहा गया है कि वह इसे अंजाम दे रहे हैं और यह कदम भले ही सफल रहे या असफल हो, यह एक मिसाल पेश करेगा। इसमें कहा गया है कि सुधार करना हमेशा मुश्किल होता है और इसके लिए साहस के अलावा भी कई चीजों की आवश्यकता होती है। मोदी ने नेक इरादे से नोटबंदी की है, लेकिन यह सफल होगा या नहीं, यह बात प्रणाली की दक्षता और पूरे समाज के सहयोग पर निर्भर करती है। अखबार के मुताबिक लोकतंत्र में इस तरह के साहसिक कदम की जगह बहुत कम होती है। नोटबंदी चाहे सफल हो या असफल लेकिन यह एक उदाहरण जरूर पेश करेगा।

अखबार लिखता है, ‘सुधार हमेशा से मुश्किल रहा है। मोदी का नोटबंदी का फैसला सही सोच के साथ आया है। लेकिन, इसकी सफलता व्यवस्था और समाज के सहयोग पर निर्भर करती है’। अखबार लिखता है कि चीन में भी पिछले चालीस सालों से सुधार का क्रम जारी है। इसमें कई उतार चढ़ाव देखने को मिले हैं। अखबार के मुताबिक इसकी सफलता आम जनता के व्यापक समर्थन से ही संभव होती है। इसमें कहा गया है कि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना की मजबूत क्रियान्वयन क्षमताएं पूरे देश की आम सहमति पर आधारित हैं। भारत के सुधारों से सीख मिलेगी जो हमें हमारे सुधार को समझने में मदद करेगी।

बुधवार, 23 नवंबर 2016

नोटबंदी - संसद से सड़क तक विपक्ष के हंगामे से बेअसर प्रधानमंत्री ने सीधे जनता से मांगी राय

नई दिल्ली:  संसद के शीतकालीन सत्र में नोटबंदी के मुद्दे पर विपक्ष पिछले कई दिनों से सरकार को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश के तहत कार्यवाही में व्यवधान पैदा कर रहा है। अपने प्रतिरोध को और तेज करते हुए आज विपक्षी दलों के तकरीबन 200 सांसद संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन भी कर रहे हैं। कई विपक्षी दल जंतर मंतर पर भी धरने पर बैठेंगे। उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन विरोध प्रदर्शनों और संसद में विपक्ष के नारेबाजी से बेअसर नोटबंदी पर सीधे आमजनता से राय मांगी है।
इसके लिए प्रधानमंत्री ने नमो एप के जरिए लोगों से नोटबंदी से जुड़े दस सवाल पूछे हैं और उनपर अपनी राय शेयर करने की अपील की है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा 500 और 1000 रूपये के नोट के सम्बन्ध में लिए फैसले पर लोगों से विचार आमंत्रित किये हैं|
नरेन्द्र मोदी ऐप पर उपलब्ध 10 सवालों वाले एक सर्वेक्षण के माध्यम से लोग अपने विचार पहुंचा सकते हैं| ट्विटर के माध्यम से सर्वेक्षण का लिंक साझा करते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस फैसले पर लोगों से पहली प्रतिक्रिया चाहते हैं।
सर्वेक्षण के 10 प्रश्न निम्नलिखित हैं : 

1. क्या आपको लगता है कि भारत में काला धन है? a) हाँ b) नहीं
2. क्या आपको लगता है कि भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ़ लड़ाई लड़ने और इस समस्या को दूर करने की ज़रूरत है? a) हाँ b) नहीं

3. आप काले धन की समस्या से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाये गए कदमों के बारे में क्या सोचते हैं?

4. आप भ्रष्टाचार के खिलाफ़ मोदी सरकार द्वारा अब तक किये गए प्रयासों के बारे में क्या सोचते हैं? 1 से 5 के स्केल पर – बेहतरीन, बहुत अच्छा, अच्छा, ठीक, बेकार

5. आप 500 और 1000 के पुराने नोटों को बंद करने के मोदी सरकार के निर्णय के बारे में क्या सोचते हैं? a) सही दिशा में उठाया गया बहुत अच्छा कदम है b) अच्छा कदम है c) कोई फ़र्क नहीं पड़ेगा

6. क्या आपको लगता है कि डिमोनेटाईजेशन से काला धन, भ्रष्टाचार और आतंकवाद को रोकने में मदद मिलेगी? a) इसका तुरंत प्रभाव पड़ेगा b) इसका प्रभाव पड़ने में समय लगेगा c) कम प्रभाव पड़ेगा d) पता नहीं, कह नहीं सकते

7. डिमोनेटाईजेशन से रियल स्टेट, उच्च शिक्षा, हेल्थकेयर तक आम आदमी की पहुँच बनेगी? a) पूर्ण रूप से सहमत हैं b) थोड़ा सहमत हैं c) कह नहीं सकते

8. भ्रष्टाचार, काला धन, आतंकवाद और नकली नोटों पर अंकुश लगाने की लड़ाई में हुई असुविधा को आपने कितना महसूस किया? a) बिल्कुल महसूस नहीं किया b) थोड़ा बहुत किया लेकिन यह जरुरी था c) हाँ महसूस किया

9. क्या आप मानते हैं कि भ्रष्ट्राचार का विरोध करते रहे कई आंदोलनकारी और नेता अब वास्तव में काले धन , भ्रष्टाचार और आतंकवाद के समर्थन में लड़ रहे है ? a) हाँ b) नहीं

10. क्या आपके पास कोई सुझाव या विचार है जो आप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ शेयर करना चाहते हैं?

अपने विचार शेयर करने के लिए धन्यवाद। अब अपने परिवार एवं दोस्तों को भी अपने विचार शेयर करने के लिए प्रोत्साहित करें।

जाहिर है यह सर्वेक्षण प्रधानमंत्री के सहभागी शासन और प्रमुख नीतियों और मुद्दों पर देश की जनता से राय लेने की परिकल्पना को साकार करता है।

500 और 1000 रूपये के नोट के लीगल टेंडर पर प्रतिबन्ध के मामले पर प्रधानमंत्री ने लोगों से राय माँगी है और कई पहलुओं पर विचार आमंत्रित किये हैं। उन्होंने लोगों से इस विषय पर भी फीडबैक माँगा है कि कैसे इस फैसले को लागू किये जाने की प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जाए।
ज़ाहिर है जनता के प्रतिनिधियों से संवाद करने की बजाए प्रधानमंत्री जनता से सीधे संवाद के सिद्धांत पर उतर आए हैं। सरकार ने नोटबंदी के फैसले पर कदम पीछे हटाने की संभावना को पूरी तरह से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि कालेधन के मुद्दे पर उठाए जाने वाले कदमों में नोटबंदी सिर्फ पहला कदम है। आने वाले समय में कुछ और कदम उठाए जा सकते हैं।

रविवार, 20 नवंबर 2016

पीवी सिंधु ने जीता चाइना ओपन, PM मोदी ने दी बधाई

फुझाउ: ओलंपिक सिल्वर मेडल जीतने वाली पीवी सिंधु ने 700000 डॉलर इनामी चायना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में चीन की सुन यू को हराकर अपना पहला सुपर सीरीज प्रीमियर खिताब जीता।
अगस्त में रियो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी सिंधुने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सुन यू को एक घंटे और नौ मिनट में 21-11 17-21 21-11 से हराकर यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु की सुन यू के खिलाफ छह मैचों में यह तीसरी जीत है।
पीवी सिंधु और सुन यू के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। पीवी सिंधु ने पहला गेम 21-11 से जीता, तो दूसरे गेम में चीनी खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाया और 21-17 से दूसरे गेम अपने नाम किया। दोनों के बीच आखिरी गेम में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। सिंधु ने दबाव में बेहद शानदार खेल दिखाया और निर्णायक गेम 21-11 से जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। यह लगातार तीसरा साल है जब इस टूर्नामेंट के फाइनल में कोई भारतीय महिला खिलाड़ी पहुंची हैं। साल 2014 में साइना नेहवाल ने यहां खिताब जीता था लेकिन 2015 में उन्‍हें ली जुरुक्‍सई के हाथों हार झेलनी पड़ी थी।
सिंधु ने मुकाबले की शानदार शुरूआत करते हुए पहले गेम में 11-5 की बढ़त बनाई। भारतीय खिलाड़ी ने अपनी तेजी की बदौलत इस बढ़त को 20-8 तक पहुंचाकर 12 गेम प्वाइंट हासिल किए। सुन यू ने तीन गेम प्वाइंट बचाए लेकिन सिंधु को पहला गेम जीतने से नहीं रोक सकी।
दूसरे गेम में भी सिंधुने 6-3 की बढ़त बनाई जिसे उन्होंने 11-7 और फिर 14-10 तक पहुंचाया। सुन यू ने हालांकि इसके बाद जोरदार वापसी की और कुछ दमदार स्मैश की बदौलत 14-14 से स्कोर बराबर कर दिया।
चीन की खिलाड़ी ने तेज स्मैश और फिर शानदार र्टिन की बदौलत 18-16 की बढ़त बनाई। सिंधु ने इसके बाद वीडियो रैफरल गंवाया जिससे सुन यू 19-16 से आगे हो गई। सुन ने 20-16 के स्कोर पर नेट पर शाट खेला लेकिन सिंधु के नेट पर शाट मारने पर दूसरा गेम जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले सुपर सीरिज टाइटल जीतने पर सिंधु को बधाई दी है।

शनिवार, 19 नवंबर 2016

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव:रायबरेली अमेठी से बाहर निकल पहली बार राज्य भर में घुमेंगी प्रियंका

Photo Courtesy : Hindustan Times
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से उतरने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। लंबे समय से प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार करने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाते रहे हैं। कभी खबरें आती है कि वह पूरे उत्तर प्रदेश में चुनाव कैंपेन करेंगी, कभी यह कहां जाता रहा है कि वह सिर्फ रायबरेली-अमेठी में ही प्रचार करेंगी। इन तमाम अटकलों के बीच शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर ने साफ कर दिया की प्रियंका गांधी से उत्तर प्रदेश के चुनावों में ज्यादा से ज्यादा समय देने की गुजारिश की गई थी और वह इसको लेकर बहुत सकारात्मक भी हैं। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि वह रायबरेली-अमेठी से बाहर निकल कर चुनाव प्रचार करेंगी।
उत्तरप्रदेश कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, "वह (प्रियंका) अहम भूमिका निभाने जा रही हैं। पहले हर चीज पर फैसला हो जाने दीजिए"। उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख राजबब्बर ने कहा, "यह तय किया गया है कि वह राज्य चुनावों में पार्टी के लिए प्रचार करेंगी।
उन्होंने प्रचार के लिए हमारा आग्रह स्वीकार लिया है. जब हमें उनका कार्यक्रम मिल जाएगा हम उस हिसाब से काम करेंगे"। उन्होंने कहा कि चुनावी कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद राज्य में प्रचार के लिए उनकी योजना को लेकर और पता चलेगा।
प्रियंका गांधी के राज्य भर में चुनाव प्रचार की रजामंदी मिल जाने की खबरों के बीच कांग्रेस के लिए एक और परेशानी सामने आ सकती है। दरअसल प्रियंका गांधी भी अगर चुनाव प्रचार में राज्य भर में सक्रिय होती हैं तो पार्टी को व्यवस्था इस तरह से संभालनी होगी कि उनके भाई राहुल गांधी की छवि भी बरकरार रह सके। कहीं से भी प्रियंका गांधी का कद पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सियासी कद से बड़ा न दिख जाए इसकी व्यवस्था भी पार्टी को खास तौर पर देखनी होगी। लिहाज़ा राज्य भर में चुनाव प्रचार के लिए प्रियंका गांधी की अनिवार्यता और प्रियंका की तुलना में राहुल गांधी का सियासी कद बनाए रखना पार्टी के लिए दोहरी चुनौती होगी। देखना होगा इसको लेकर पार्टी की आगामी योजनाएं किस रूप में सामने आती हैं।
जब राहुल गांधी की उत्तर प्रदेश में यात्राएं थी उस वक्त भी प्रियंका गांधी के पोस्टर लगाए गए थे। उससे पहले यह तय किया गया था कि प्रियंका गांधी का कोई भी पोस्टर अकेले नहीं लगाया जाएगा और दूसरा उनकी फोटो राहुल गांधी के फोटो से छोटी लगेगी ताकि राहुल के कद को कहीं छोटा करके ना देखा जाए।
राज बब्बर का कहना है कि प्रियंका गांधी के आने से काफी फायदा होगा। उन्होंने साफ किया कि अभी चुनाव को लेकर रणनीति बन रही है। समय और रणनीति के साथ कांग्रेस के चुनाव प्रचार की योजना बनाई जाएगी।
उत्तर प्रदेश चुनाव की रणनीति को लेकर शुक्रवार सुबह राहुल गांधी के घर पर उत्तर प्रदेश से जुड़े तमाम बड़े नेताओं की बैठक हुई। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, गुलाम नबी आजाद, राजबब्बर, शीला दीक्षित और संजय सिंह शामिल हुए। इस बैठक में एक बार फिर ये प्रस्ताव आया कि प्रियंका गांधी को रायबरेली-अमेठी से बाहर निकल कर कैंपेन करना चाहिए। बताया जा रहा है कि इस बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी इस बात को लेकर सहमत हो गए कि वह उत्तर प्रदेश में और ज्यादा समय दे सकती हैं और रायबरेली और अमेठी से बाहर निकल कर चुनाव प्रचार कर सकती हैं।
अब तक लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव प्रियंका गांधी ने खुद को रायबरेली-अमेठी तक ही खुद को सीमित रखा रहा है। इन दोनों संसदीय क्षेत्र से बाहर उन्होंने कभी चुनाव प्रचार नहीं किया। हालांकि कांग्रेस नेता अक्सर मांग करते रहे हैं कि उनको प्रदेश भर में चुनाव प्रचार करना चाहिए। इसकी वजह साफ रही है कि कांग्रेसी प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की छवि को देखते रहे हैं। उनका मानना है कि प्रियंका गांधी, इंदिरा गांधी की तरह दिखती हैं। उन्हीं की तरह बोलती हैं। जिसका फायदा पार्टी को मिल सकता है। हर बार के चुनाव में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा प्रियंका गांधी की उठती मांग को देखते हुए इस बार गांधी परिवार में कहीं ना कहीं एक सहमति बनती दिख रही है की प्रियंका गांधी को भी अब चुनाव में बड़ी भूमिका में दिखना चाहिए। यही वजह रही कि राहुल गांधी के घर हुई मीटिंग में तमाम नेताओं की मांग पर राहुल और प्रियंका पॉजिटिव दिखाई दिए।
इससे पहले राजबब्बर ने कहा था कि प्रियंका की मौजूदगी से पार्टी के लोगों के साथ ही राज्य के लोगों के बीच विश्वास बढ़ेगा और उन्हें नई उर्जा मिलेगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अगर वह पर्याप्त समय देती हैं तो प्रियंका उत्तरप्रदेश में सभी 403 निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार कर सकेंगी।

गुरुवार, 17 नवंबर 2016

देश में बने सबसे बड़े ड्रोन 'रुस्‍तम-2' ने पहली उड़ान भरी

चित्रदुर्ग: देश में बने सबसे बड़े मानव रहित विमान ड्रोन तापस 201 (रूस्तम-2) ने बुधवार को पहली बार सफलतापूर्वक उड़ान भरी। डीआरडीओ के बनाए गए इस ड्रोन का परीक्षण कर्नाटक के बंगलौर से 250 किलोमीटर दूर मानवरहित यानों और मानवविमानों के परीक्षण के लिए नवविकसित उड़ान परीक्षण स्थल चित्रदुर्ग में किया गया। इससे मानवरहित वायुयान के भारत के विकास कार्यक्रम को प्रोत्साहन मिला है।

ये टोही व निगरानी क्षमता के साथ-साथ लक्ष्य पर सटीक मार करने में भी सक्षम है और इसकी रेंज करीब 250 किलोमीटर है। सिंथेटिक अपर्चर राडार होने के कारण ये बादलों के पार भी देख सकता है। इतना ही नहीं, 30 हजार फीट पर आसानी से ऊंचाई पर उड़ान भर सकता है।
इसकी तुलना दुनिया के उन बेहतरीन ड्रोन से की जा सकती है जिनकी क्षमता बहुत अधिक है. जानकार बताते हैं कि इसे अमरीकी ड्रोन प्रिडेटर की तर्ज पर विकसित किया गया है। दो टन वजनी इस ड्रोन की कई खासियत हैं। इसके डैने लगभग 21 मीटर लंबे हैं। यह 24 घंटे उड़ान भरने में सक्षम है। 
Photo Courtesy: DRDO
रुस्तम-का डिजाइन और विकास डीआरडीओ की बेंगलुरु की प्रयोगशाला एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट और एचएएल-बीईएल ने मिलकर किया है। सशस्त्र बलों के पायलटों के सहयोग से डीआरडीओ के युवा वैज्ञानिकों की एक टीम ने इसका परीक्षण किया।
ये दुश्मनों के इलाके में घुसकर टोह लेने, निगरानी रखने और लक्ष्य की पहचान करने उस पर हमला करने में भी सक्षम है। ये 500 किलोमीटर घंटे प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान तो भरेगा ही, साथ ही दुश्मन की नजर से भी बचा रहेगा। वजह है इसमें ऐसे सिस्टम लगे है जो दुश्मन की पकड़ में नही आएंगे। ये दिन के साथ-साथ रात में अपना काम कर सकता है। इसमें करीब वे सारी खूबियां हैं जो एक छोटे टोही विमान में होती हैं।

बुधवार, 16 नवंबर 2016

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की किडनी फेल, देश भर से दुआ में उठे हाथ

नई दिल्ली:  विदिशा सांसद और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की किडनी फेल हो गई है। अब उन्हें डायलिसिस पर ही जीवन जीना पड़ेगा। पिछले कुछ दिनों से वे शुगर बढ़ने की शिकायत के बाद दिल्ली के अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान एम्स में भर्ती हुई थी। जहां उनके परीक्षण के बाद किडनी फेल होने की बात पता चली।
आज सुबह सुषमा स्वराज ने ट्वीट करके ये चौंकाने वाली जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में बताया कि उनकी किडनी फेल हो चुकी है और वो डायलिसिस पर हैं। किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट से पहले उनके टेस्ट किए जा रहे हैं। सुषमा जी ने ट्वीट में लिखा कि भगवान श्री कृष्ण उनकी मदद करेंगे।
सुषमा स्वराज पिछले बीस सालों से डायबिटीज से ग्रस्त हैं। उन्हें एम्स में सात नवंबर को भर्ती किया गया था। चौंसठ वर्षीय सुषमा स्वराज को इससे पहले अप्रैल में तेज निमोनिया की शिकायत के बाद भी भर्ती किया गया था।

देश भर उनके प्रशंसक और उनके सहयोगी राजनीतिज्ञ उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे हैं।

गेंहू का समर्थन मूल्य सौ रुपये, दालों में 550 रुपये प्रति क्विंटल तक इज़ाफा

Photo Courtesy : Zee News
नई दिल्ली:  नोटबंदी और काले धन पर हो रही चना ज़ोर गरम बहस-मुहाबिसे के बीच केंद्र सरकार ने किसानों को एक खुशखबरी दी है। सरकार ने आज गेंहू का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सौ रुपये बढ़ाकर 1,625 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। इसके साथ ही विभिन्न दालों का समर्थन मूल्य भी 550 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ाने का फैसला किया है।
एमएसपी में इस बढ़ोत्तरी का मकसद इनकी रबी फसलों का उत्पादन बढ़ाना और कीमतों पर अंकुश लगाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की बैठक में 2016-17 के लिए सभी रबी फसलों की एमएसपी को मंजूरी दी गई।
आधिकारिक प्रवक्ता के मुताबिक समिति ने गेंहू का एमएसपी 2016-17 की रबी फसल के लिए सौ रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 1,625 रुपये प्रति क्विंटल करने की मंजूरी दी है। पिछले साल यह 1525 रुपये प्रति क्विंटल था।
प्रवक्ता ने बताया, गेंहू का एमएसपी 6.6 फीसदी, जौ का 8.2 फीसदी (बोनस सहित), चना का 14.3 फीसदी, मसूरी 16.2 फीसदी, रेपसीड-सरसों का 10.4 फीसदी और सनफ्लावर का 12.1 फीसदी बढ़ाया गया है।
इसके अलावा दलहन एवं तिलहन की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए इन फसलों पर एमएसपी के उपर बोनस की घोषणा भी की गई है।। बोनस सहित चने का एमएसपी बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। पिछले साल यह 3,500 रुपये था। मसूर का समर्थन मूल्य 3,400 से बढाकर 3,950 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

शनिवार, 12 नवंबर 2016

नोट बैन: आम आदमी बन बैंक की लाइन में जा खड़े हुए राहुल गांधी, ट्वीटरातियों ने खदेड़ा

Photo Courtesy : The Indian Express
नई दिल्ली:  कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को चार हजार रुपए के पुराने नोट बदलवाने के लिए दिल्ली के संसद मार्ग स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच जा पहुंचे। बैंक जाकर वे नोट बदलवाने आए लोगों की कतार में जाकर खड़े हो गए। इस दौरान उन्होंने 500 और 1000 रुपए के नोट बंद करने के फैसले को लेकर पीएम मोदी की आलोचना भी की। राहुल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘मैं यहां अपने 4000 रुपए के पुराने नोट बदलने आया हूं। यहां पर लगी लंबी लाइन को अंदर कर दिया गया। मैं लाइन में खड़ा होना चाहता हूं। ना मीडिया को और ना ही पीएम मोदी को समझ में आएगा कि लोगों को कितनी दिक्कत हो रही है। मेरे लोगों को दर्द हो रहा है। मैं उनके दर्द के लिए यहां लाइन में खड़ा हूं।
इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ सेल्फी लेनी शुरू कर दी। मजबूरी में राहुल भी मुस्कुराते हुए फोटो खिंचाने लगे। सवाल पूछे जाने पर मीडिया से खफा हुए राहुल गांधी। वहां मौजूद रिपोर्टर्स ने राहुल से 500-1000 के नोट बंद किए जाने पर सवाल किया तो उन्होंने कहा, ''न मीडिया को समझ आएगा और न उनके करोड़पति मालिकों को और न ही प्रधानमंत्री जी को। मेरे लोगों को कष्ट हो रहा है। मैं उनके साथ खड़ा हूं।सरकार 15-20 करोड़पतियों के लिए नहीं चलनी चाहिए, गरीबों और आम लोगों के लिए चलनी चाहिए।''
इस दौरान राहुल ने बैंक में नोट बदलने वाला फॉर्म लेकर भी देखा। कुछ लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली। ब्रांच में एसपीजी सिक्युरिटी पर्सनल्स मौजूद थे, जिसके कारण आम लोगों को दिक्कतें भी हुईं।
राहुल गांधी की लाइन में लगी फोटो और उससे जुड़ी खबर समाचार माध्यमों में आने के बाद टि्वटर सहित अन्य सोशल मीडिया साइट पर उनका मजाक उड़ाए जाने लगा।
टि्वटर पर एक धर्मेंद्र ओझा ने लिखा है, ‘यह वही श्री नरेन्द्र मोदी जी है जिनको आपकी माता जी पानी-पी पी कर गाली देती थी,आज आपको रोड पर लगे एटीएम  तक ला कर खड़ा कर दिया।वहीं अंकित तिवारी ने लिखा है, ‘पप्‍पु को लाइन पसंद है..पीएम बनने , कांग्रेस अध्‍यक्ष, अच्‍छा बेटा, कांग्रेसियों का नेता बनने की और भी बहुत सी लाइनों में है।इस यूजर ने लिखा है कि राहुल गांधी को सड़क पर लाकर खड़ा दिया, इससे अच्छे दिन कौन ला सकता है।
दीपक गोयल ने अपने टि्वटर अकाउंट पर लिखा है, ‘अगर राहुल गांधी वाकई में देश के लोगों की मदद करना चाहते हैं तो उन्हें पैसे निकालने के लिए स्विस बैंक के बाहर लाइन लगानी चाहिए।अनंत नायक नाम के यूजर ने लिखा है, ‘राहुल गांधी बैंक से 4000 रुपए बदलवाने के लिए दो करोड़ रुपए की रेंज रोवर कार में पहुंचे हैं।एक यूजर लिखता है, ‘राहुल गांधी भी सड़क पर आ गया अब तो।

बुधवार, 9 नवंबर 2016

500, 1000 रुपये बंद: केंद्र के फैसले पर कांग्रेस ने पूछे तीन सवाल

Photo Courtesy: The Indian Express
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 500 और 1000 रुपये को बंद करने के ऐलान के बाद कांग्रेस ने पीएम के इस फैसले का समर्थन तो किया लेकिन साथ फैसले पर तीन सवाल भी खड़े कर दिए। कांग्रेस पार्टी ने एक तरफ प्रधानमंत्री के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि काले धन की वापसी के लिए जो भी सार्थक कदम सरकार उठाएगी कांग्रेस उसके साथ है। लेकिन इसके साथ ही कांग्रेस ने सरकार के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं मोदी सरकार बिना खास तैयारियों के लोगों को मुसीबत में तो नहीं ढकेल रही है?
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, ”मोदी जी कालाधन को वापस लाने के लिए जो कारगर, सार्थक और सटीक कदम उठाएगी कांग्रेस पार्टी उस पर उनका बगैर किसी शर्त समर्थन करेगी। पीएम मोदी ने आज स्पष्ट तौर पर कहा कि दस से लेकर सौ रुपये तक का नोट साधारण जनमानस प्रयोग करता है। इसके अलावा 500 से 1000 रुपये के नोट से कालाधन एकत्रित करने वाले धारकों को मदद मिलती है। इसी लिए सरकार ने 500 और 1000 रुपये का नोट बंद करने का निर्णय किया है।
सुरजेवाला ने कहा, ”इस फैसले के बाद तीन बातें सामने आतीं हैं जिन पर मोदी सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। पहली बात आज कई किसानों की फसल कट चुकी है और कई किसान नई फसल की बुवाई को तैयार हैं। ऐसे 500 और 1000 का नोट वापस लेकर, बगैर किसी व्यवस्था के 30 दिसंबर तक क्या छोटे व्यापारी, इस देश की ग्रहणियों, इस देश के छोटे किसान क्या उन्हें मोदी सरकार एक मुसीबत में नहीं ढकेल रही।
सुरजेवाला ने दूसरा सवाल उठाते हुए कहा, ”आज देश में त्योहारों और शादियों का सीजन है। कोई बेटी के कपड़ा लेने जा रहा है तो अन्य जरूरी सामान खरीदने जा रहा है। कोई त्योहार की तैयारी में है ऐसे में मात्र चार हजार रुपये निकालने का निर्णय के फैसले शादी वालो घरों के लिए मुसीबत बन जाएंगे।
तीसरा सवाल ये है कि मोदी जी दस से लेकर सौ रुपये तक का नोट साधारण जनमानस प्रयोग करते हैं। एक ओर सरकार 1000 के नोट बंद कर रही है तो दूसरी ओर 2000 के नोट जारी कर रही है इससे क्या काला धन नहीं पनपेगा।

पहली बार जारी होगा दो हजार रुपये का नोट

Photo Courtesy: RBI
नई दिल्‍ली: पीएम नरेंद्र मोदी की नोट संबंधी घोषणा के बाद रिजर्व बैंक 10 नवंबर से दो हजार रुपये का नोट जारी करने जा रहा है। यह संभवतया आजाद भारत के इतिहास में पहली बार होगा जब 1000 रुपये से अधिक राशि का कोई नोट जारी किया जाएगा।
इस 2000 रुपये के महात्‍मा गांधी सीरीज के नए नोट के पिछले हिस्‍से में मंगलयान का चित्र होगा। उल्‍लेखनीय है कि दो साल पहले देश ने पहली बार मंगल ग्रह पर मंगलयान को सफलतापूर्वक भेजा। इस नोट का बेस कलर मेंजेटा होगा। नए नोट का साइज 66 मिमीx166 मिमी होगा।  500 रुपये के नए नोट में लाल किले का फोटो होगा जबकि 2000 रुपये के नोट पर मंगल यान का चित्र होगा।
इस संबंध में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर उर्जित पटेल ने मंगलवार को कहा कि 10 नवंबर से 500 रुपये और 2000 रुपये के नए नोट जारी किए जाएंगे। वित्त सचिव शक्तिकांत दास ने नए नोट की घोषणा करते हुए कहा, "आरबीआई 10 नवंबर से नए नोट जारी करेगी"।
पटेल और दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद मीडिया को संबोधित किया। मोदी ने अपने संबोधन में घोषणा करते हुए कहा कि आधी रात से 500 रुपये और 1000 रुपये के नोट अवैध हो जाएंगे, और ये सिर्फ कागज के टुकड़े रह जाएंगे।
दास ने कहा, "जो लोग नकदी बदलने के लिए आएंगे, बैंक उनके रिकॉर्ड रखेंगे।"