बुधवार, 9 नवंबर 2016

लोग परेशान न हो इसके लिए अगले 72 घंटे के लिए महत्वपूर्ण कदम

Photo Courtesy : Indian Express
नई दिल्ली: सरकार ने मंगलवार मध्यरात्रि से 500 और 1,000 रुपये के मौजूदा नोटों को चलन से वापस लेने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां एक ओर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में सरकार की ओर से लिए गए इस फैसले का एलान किया वहीं दूसरी तरफ नागरिकों को इस वजह से ज्यादा परेशानी नहीं हो इसके लिये निम्न कदमों की घोषणा की है।
1: अगले 72 घंटे तक: - सरकारी अस्पतालों में 500 और 1,000 के पुराने नोट भुगतान में स्वीकार किये जाते रहेंगे।
- रेलवे, सरकारी बसों और हवाईअड्डे पर एयरलाइंस काउंटर पर टिकट खरीदने के लिये पुराने नोट स्वीकार किये जायेंगे।
- सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों द्वारा प्राधिकृत पेट्रोल, डीजल और गैस स्टेशनों पर पुराने नोट स्वीकार किये जायेंगे।
- इसी प्रकार अगले 72 घंटे तक केन्द्र और राज्य सरकारों द्वारा प्राधिकृत उपभोक्ता सहकारी स्टोरों और दूध बिक्री केन्द्रों पर 500 और 1,000 रुपए के पुराने नोट स्वीकार किये जायेंगे।
- दाह संस्कार स्थलों पर भी इस अवधि में पुराने नोट स्वीकार किये जायेंगे।
2: पुराने नोट बदलने के लिये जनता क्या कर सकती है: - अपने बैंक और डाकघर के खातों में 10 नवंबर से 30 दिसंबर 2016 तक बिना सीमा के पुराने 500 और 1,000 रुपए के नोट बदले जा सकते हैं।
- बैंक खाते से रोजाना अधिकतम 10,000 रुपए और सप्ताह में 20,000 रुपए तक निकाले जा सकते हैं। आने वाले दिनों में यह राशि बढ़ सकती है।
- 9 और 10 नवंबर को एटीएम काम नहीं करेंगे।
- पहले कुछ दिनों में एटीएम कार्ड से प्रतिदिन 2,000 रुपए तक निकाले जा सकेंगे, बाद में यह सीमा 4,000 रुपए तक बढ़ सकती है।
- 24 नवंबर तक अपना पहचान पत्र दिखाकर किसी भी बैंक अथवा डाकघर और छोटे डाकघर से 4,000 रुपए तक राशि के अपने पुराने 500 और 1,000 रुपए के नोट बदल सकेंगे।
-बैंक चेक, ड्राफ्ट, क्रेडिट कार्ड और इलेक्ट्रानिक फंड ट्रांसफर जैसे गैर-नकदी माध्यमों के जरिये लेनदेन पर कोई रोक नहीं।

कोई टिप्पणी नहीं: