![]() |
| Photo Courtesy: PMO |
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार, आतंकवाद, कालाधन और जाली
नोटों के गोरखधंधे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का ऐलान करते हुए मंगलवार मध्यरात्रि
से 500 रुपये और 1000 रुपये के नोटों
के प्रचलन को खत्म करने की बड़ी घोषणा की।
इस फैसले से देश में मचने वाली अफरा तफरा को शांत करते हुए प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, 30 दिसंबर तक 500
और 1000 रुपये के पुराने
नोट बैंकों और डाकघरों में जमा कराए जा सकते हैं। कुछ कारणों से जो लोग 1,000 रुपये और 500 रुपये के नोट 30 दिसंबर तक जमा
नहीं करा सकेंगे, वे लोग पहचान
पत्र दिखाकर 31 मार्च, 2017 तक नोट बदलवा
सकेंगे। 9 नवंबर को बैंकों
में पब्लिक डीलिंग नहीं होगी।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ जगहों पर अगले दो दिनों तक एटीएम
काम नहीं करेंगे। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों पर फिलहाल इन नोटों से टिकट खरीदने पर छूट है।
अस्पताल में अगले 72 घंटे तक यह छूट
उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि यह जानकारी गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए
सभी को इसी समय एक साथ दी जा रही है। रिजर्व बैंक और अन्य बैंकों को बहुत कम समय
में काफी व्यवस्था करनी है,
इसलिए बुधवार को
बैंक बंद रहेंगे। इसके कारण लोगों को कुछ परेशानियां पेश आएंगी, लेकिन मेरा आग्रह
होगा कि देशहित में वे इन कठिनाइयों को नजरअंदाज करेंगे। हर देश के इतिहास में ऐसे
क्षण आते हैं, जब व्यक्ति उस
क्षण का हिस्सा बनना चाहता है और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनना चाहता है। ऐसे
गिने-चुने मौके आते हैं और यह ऐसा ही एक मौका है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार देश में गहरी जड़ें जमा
चुका है। भ्रष्टाचार, जाली मुद्रा और
आतंकवाद नासूर बन चुका है और अर्थव्यवस्था को जकड़ लिया है। हमारे दुश्मन जाली
नोटों के जरिये भारत में रैकेट चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयास से
पिछले ढाई साल के दौरान 1.25 लाख करोड़ रुपये
के काला धन का पता लगाया गया है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी राजनीतिक दल, सामाजिक एवं
शैक्षणिक संगठन, मीडिया इसे सफल
बनाने के लिए सरकार से भी बढ़कर कार्य करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बैंकों और डाकघरों के कर्मचारी नई
व्यवस्था को उपलब्ध समय में सफल बनाने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। पीएम मोदी ने कहा
कि चेक, बैंक ड्राफ्ट या
अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के भुगतान पूर्ववत रहेंगे और यह जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें