![]() |
| Pic Courtesy : PIB |
नई दिल्ली : उड़ी हमले को
लेकर भारत ने बड़ी कार्रवाई में नियंत्रण रेखा के नज़दीक पाकिस्तान के कब्जे वाले
इलाकों पर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए कई आतंकियों को ढेर कर दिया। सैन्य अभियान के
महानिदेशक (DGMO) रणवीर सिंह ने गुरूवार को प्रेस कांफ्रेस में
ये जानकारी दी। हालांकि इस हमले में कितने आतंकियों को मारा गया है, इसकी आधिकारिक
जानकारी नहीं दी गई है। जबकि पाकिस्तान की ओर से क्रॉस बार्डर फायरिंग में दो पाकिस्तानी
सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है।
डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल रणवीर सिंह ने बताया, ’कल बहुत ही
विश्वस्त औऱ पक्की जानकारी मिली कि कुछ आतंकी नियंत्रण रेखा के पास स्थित
लांचपैड्स पर इकठ्ठे हुए हैं। उनका मकसद भारत में घुसपैठ करके आतंकी हमले करना था।
भारत ने उन लांचपैड्स पर सर्जिकल स्ट्राइक किया। इस स्ट्राइक का मकसद आतंकियों के
नापाक मंसूबों को नाकाम करना था। इन हमलों के दौरान आतंकियों और उनके समर्थकों को
भारी नुकसान हुआ है। कईयों को मार गिराया गया। मैंने पाकिस्तान डीजीएमओ से संपर्क
करके उनको अपनी चिंताएं बताई और मामले की जानकारी दी। ये हम बिल्कुल गवारा नहीं
करेंगे कि आतंकी हमारे देश पर किसी तरह का हमला कर सकें’।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के इलाके में की गई इस
सर्जिकल स्ट्राइक में किसी भी भारतीय जवान को नुकसान नहीं पहुंचा है। डीजीएमओ ने
कहा, “यह बेहद चिंता का विषय है कि एलओसी पर आतंकियों ने कई बार
घुसपैठ की कोशिश की। यह पुंछ और उड़ी में 11 और 18 सितंबर को हुए आतंकी हमलों से
जाहिर होता है’। डीजीएमओ ने भारतीय सेना की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी ही
कोशिशों की वजह से ऐसी कई कोशिशों को नाकाम किया जा सका। डायरेक्टर
जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि वे उम्मीद करता है कि
पाकिस्तान इस मामले में भारत का समर्थन करेगा। इसके साथ ही रनवीर सिंह ने साफ किया
कि इस सर्जिकल स्ट्राइक का मकसद आतंकियों को नुकसान पहुंचाना था और अब इसे हम आगे
नहीं बढ़ाना चाहते हैं.
उधर इस सर्जिकल स्ट्राइक की पाकिस्तान ने निंदा करते हुए
कहा है कि पाकिस्तान की शांति कायम करने की हसरत को उनकी कमजोरी न समझा जाए।
पाकिस्तान मीडिया में आए प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की टिप्पणियों में कहा गया है कि
वो अपने देश की रक्षा के लिए तैयार हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार सुबह
पाकिस्तान की तरफ से नियंत्रण रेखा पर हो रही लगातार गोलीबारी के मुद्दे पर
कैबिनेट की सुरक्षा संबंधी समिति की बैठक बुलाई जिसमें रात को किए सर्जिकल
स्ट्राइक के बाद की परिस्थितियों पर विचार किया गया। बैठक में थल सेनाध्यक्ष के
साथ डीजीएमओ भी शामिल हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें