मंगलवार, 11 अक्टूबर 2016

कश्मीर : बड़े हमले को अंजाम देने के फिराक में तीन ग्रुप में घुम रहे हैं 250 आतंकी

Photo Courtesy : NDTV
नई दिल्ली: सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत पर बड़े आतंकी हमले का खतरा लगातार मंडरा रहा है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक कश्मीर घाटी में अभी लश्कर, जैश और हिज्बुल के 250 के करीब आतंकी मौजूद हैं। इसमें से आधे से ज्यादा आतंकी पाकिस्तानी हैं। कुल आतंकियो में से 107 आतंकी स्थानीय कश्मीर घाटी के हैं। कश्मीर घाटी में इन आतंकियों की घुसपैठ सर्जिकल स्ट्राइक से पहले ही हो चुकी थी।
इंटेलीजेंस एजेंसियों ने खुलासा किया है कि आतंकवादी अंतर्राष्ट्रीय सीमा के करीब लॉन्चिंग पैड में घूम रहे हैं। भारतीय सुरक्षा बलों की नजरों से बचने के लिए ये आतंकी पाक रेंजर्स की वर्दी में घूम रहे हैं। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान में बैठा लश्कर कमांडर साजिद जट उर्फ नोमी इन आतंकियों को बड़े हमले के निर्देश दे रहा है।
नोमी की कॉल इंटरसेप्ट करने पर इस साजिश का खुलासा हुआ है। नोमी 26/11 हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का सबसे करीबी लश्कर कमांडर माना जाता है। कश्मीर घाटी में मौजूद लश्कर कमांडर अबू दुजाना इस समय सबसे बड़े आतंकियों के ग्रुप को कर लीड रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दुजाना ने कश्मीर में हमले करने के लिए आतंकियों के तीन ग्रुप बनाए हैं, जिसमें से एक को महिला कमांडर लीड कर रही है।
आतंकियों के एक ग्रुप को फ़ातिमा नाम की लश्कर एसोसिएट लीड कर रही है। कश्मीर घाटी में पाकिस्तान की तरफ से ये महिला लश्कर की कमांडर निर्देश ले रही है। आतंकियों के दूसरे ग्रुप को अबू उसामा जहांगीर को हमले करने के लिए लीड कर रहा है। तीसरे ग्रुप को लश्कर के आतंकी हम्माद लीड कर रहा है। ये तीनों आतंकी अबू दुजाना से हमले करने के निर्देश ले रहे हैं। खुफिया एजेंसियों ने अबू दुजाना का इंटरसेप्ट पकड़ा है। ख़ुफ़िया इंटरसेप्ट से खुलासा हुआ है कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद आतंकी कार्रवाई नाम का कोड इस्तेमाल कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक़ कार्रवाईका मतलब बड़े हमले करने का आदेश है।
भारत की सीमाएं पूरी तरह सील होने के चलते हथियारों के लिए भारत के अंदर सुरक्षा बलों से एके-47 हथियारों को छीनने के निर्देश दिये जा रहे हैं। पाकिस्तान में बैठे लश्कर कमांडर सैफ़ुल्ला साज़िद जट नोमी निर्देश दे रहा है
सूत्रों के मुताबिक ख़बर है कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद आतंकी अब LOC  के बजाय इंटरनेशनल बॉर्डर के नजदीक बने आतंकियो के लॉन्चिंग पैड से घुसपैठ करा सकते हैं। ख़ुफ़िया एजेंसियों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित दो लॉन्चिंग पैड पर आतंकी मूवमेंट देखा है।
इंटरनेशनल बॉर्डर की निगरानी कर रहे सीमा सुरक्षा बल को सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए गए हैं। गृह मंत्रालय ने बॉर्डर के नदी और नाले जो पाकिस्तान से जुड़ते हैं उन पर और ज्यादा चौकसी बढ़ाने के निर्देश जारी किये गये हैं। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, कश्मीर घाटी में पत्थरबाजों से निपटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे पावा शेल को और इफेक्टिव बनाया जाएगा। कश्मीर घाटी में पावा शेल के इस्तेमाल के बाद सुरक्षा बलों ने कम इफेक्टिव होने को लेकर सवाल उठाया था। अब गृह मंत्रालय ने बीएसएफ के टियर यूनिट को और इफेक्टिव पावा शेल बनाने के निर्देश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: