गुरुवार, 6 अक्टूबर 2016

कांग्रेस युवराज के बिगड़े बोल, प्रधानमंत्री मोदी को कहा 'सैनिकों के खून का दलाल'

Photo Courtesy : @OfficeOfRG
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कभी गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को मौत के सौदागर विशेषण से नवाज़ा था। उनके बेटे और कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीखी आलोचना करते हुए उन्हें सेना के जवानो के खून का दलाल तक कह दिया।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर नियंत्रण रेखा पार करके किए गए लक्ष्यभेदी हमले यानि सर्जिकल स्ट्राइक पर चल रहे जुबानी जंग के बीच, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जवानों की शहादत का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा, ‘जो हमारे जवान हैं जिन्होंने अपना खून दिया है, जम्मू और कश्मीर में खून दिया है, जिन्होंने हिन्दुस्तान के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किये हैं, उनके खून के पीछे आप (मोदी) छिपे हैं। उनकी आप दलाली कर रहे हो। ये बिल्कुल गलत है। गांधी उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनावों से पूर्व लगभग एक महीने की देवरिया से दिल्ली किसान यात्राके समापन के मौके पर राजधानी दिल्ली में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस नेता ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भारतीय सेना ने देश के लिए अपना काम किया है, आप अपना करिए।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा था कि उन्होंने दो साल में पहली बार प्रधानमंत्री जैसा काम किया है। राहुल गांधी ने ये टिप्पणी ऐसे वक्त की हैं जब पीओके के आतंकी ठिकानों पर सैन्य अभियान के सबूत सार्वजनिक करने को लेकर बहस चल रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश की जनता ने मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है और किसानों तथा सैनिकों की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा, ‘आपको देश के किसानों की मदद करनी चाहिए। आपको भारतीय सेना को सातवें वेतन आयोग के तहत और धन उपलब्ध कराना चाहिए, यह आपकी जिम्मेदारी है। इसलिए भारत की जनता ने आपको चुना है और यह सच्चाई है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने मोदी पर देश को धर्म और जाति के नाम पर बांटने तथा युवाओं को रोजगार देने, कृषि उत्पादों के ज्यादा समर्थन मूल्य सहित अन्य चुनावी वादों को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों की मदद करते हैं लेकिन किसानों की ऋण माफी नहीं करते। उन्होंने कहा, ‘आपने 15 लोगों को 1.10 लाख करोड़ रुपए दिए जबकि युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही, वे खुदकुशी कर रहे हैं। आप न्याय नहीं कर रहे हैं, आपने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की।
राहुल गांधी ने कहा, ‘मोदी जी आपने हर साल दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था जो पूरा नहीं हुआ, आपने मेक इन इंडियाकी बात की वह भी नहीं हो रहा, आपने स्वच्छ भारत की बात की वह भी नहीं दिख रहा, आपने केवल एक काम किया कि देश को धर्म और जाति के नाम पर बांटा।उन्होंने कहा, ‘हमें इसे बदलना है। करोड़ों युवा बेरोजगार हैं और आप कुछ नहीं कर रहे, यह स्वीकार्य नहीं है।गांधी ने कहा, ‘करोड़ो युवा कोई उपहार नहीं मांग रहे। वे काम चाहते हैं और देश के लिए कुछ करना चाहते हैं लेकिन उन्हें नौकरी नहीं दी जा रही।’ 
मोदी के कांग्रेस पर बीते 70 साल में देश के लिए कुछ नहीं करने के हमले के जवाब में राहुल ने कहा, ‘हमने उन्हें न्याय दिया।कांग्रेसी नेता ने कहा कि उन्होंने लोगों से मजाक में पूछा कि क्या उनके बैंक में खाते हैं और क्या उन्हें मोदी के वादे के अनुसार 15 लाख रुपए मिले। उन्होंने कहा, ‘मेरे बीते 30 दिन के अनुभव में मैंने यह सीखा कि छोटे से छोटे नेता भी यह सोचते हैं कि वह यह जानते हैं कि देश कैसे चलाना चाहिए। विनम्रता के साथ मैं आपको बताना चाहता हूं कि बीते तीस दिन में गरीब जनता ने मुझे भारत, कृषि के बारे में सिखाया, उनसे बेहतर कोई नहीं जानता।

कोई टिप्पणी नहीं: