शनिवार, 29 अक्टूबर 2016

सेना का पलटवार: केरन सेक्टर में पाकिस्तान की चार चौकियां तबाह, पाक सेना को भारी नुकसान

Photo Courtesy : Northern Command
श्रीनगर : भारतीय जवान मंदीप सिंह की हत्या और उनके शव को आतंकियों द्वारा क्षत-विक्षत किए जाने के बाद भारतीय सेना ने पलटवार करते हुए शनिवार शाम पाकिस्तान की तरफ भारी गोलीबारी शुरू की। सेना की इस कार्रवाई में केरन सेक्टर में पाक के कब्जे वाले कश्मीर के पार पाकिस्तान के 4 पोस्ट तबाह हुए हैं। उधमपुर स्थित सेना की उत्तरी कमान ने ट्वीट करके बताया कि भारतीय सेना की भारी गोलीबारी से केरन सेक्टर में पाकिस्तान की चार चौकियां तबाह कर दी गई हैं। 
सेना की इस कार्रवाई में माना जा रहा है कि पाकिस्तानी इलाके में भारी नुकसान हुआ है। हालांकि सेना ने पाकिस्तान की ओर हुए नुकसान का ब्यौरा अपनी ओर से नहीं सार्वजनिक किया है लेकिन माना जा रहा है कि इस घटना में पाकिस्तानी तरफ से हताहत होने वाले की संख्या कम से कम बीस तक हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि कि कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में माछिल सेक्टर में आतंकवादियों ने शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना की ओर से की जा रही गोलीबारी की आड़ में नियंत्रण रेखा पार की और एक भारतीय जवान की हत्या कर और उसके शव को विकृत कर दिया। सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि नियंत्रण रेखा के पास एक मुठभेड़ में एक सैनिक शहीद हो गया और एक आतंकवादी मारा गया। आतंकवादियों ने जवान के शव को विकृत कर दिया और फिर पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई गोलीबारी की आड़ लेकर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर भाग गए। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि पाकिस्तान में आधिकारिक और अनाधिकारिक संगठनों में बर्बरता की कितनी पैठ है। भारतीय सेना ने शुक्रवार को ही उचित जवाब देने की चेतावनी दी थी।
शुक्रवार को पाक सेना की मदद से ही आतंकियों ने जवानों पर हमला बोला था, जिसका जवानों ने करारा जवाब दिया। इस दौरान मंदीप सिंह शहीद हो गए। भारतीय सेना ने इस कायराना हरकत का करारा जवाब देते हुए सोनावैली में पाक सैनिकों की तीन पोस्ट तबाह कर दिए थे। सेना के इस मुठभेड़ में एक आतंकी भी ढेर हुआ था। हालांकि मंदीप सिंह के शव के साथ बर्बरता करने वाला एक आतंकवादी पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी फायरिंग की आड़ में सीमा पार कर भागने में सफल हो गया था।
बता दें कि पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। पाकिस्तान अब तक सीमा पर 53 बार सीजफायर तोड़ चुका है। जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा, तंगधार, अखनूर और मेंढर में सबसे ज्यादा गोलाबारी हुई है। 
इस बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जवान के पार्थिव शरीर के साथ हैवानियत का व्यवहार किए जाने की निंदा करते हुए इसे नृशंसकरार दिया जबकि कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा ने इसे विकृत व्यवहारबताया।

शहीद जवान के परिवार ने मांग की है कि आतंकवादियों को संरक्षण देने के लिए पाकिस्तान को सबक सिखाया जाना चाहिए, जबकि सेना के पूर्व अधिकारियों ने दुख प्रकट किया है। जवान के भाई संदीप सिंह ने मांग की है कि परिवार एक सिर के बदले 10 पाकिस्तानी सिर चाहता है।

कोई टिप्पणी नहीं: