मंगलवार, 4 अक्टूबर 2016

बौखलाए पाक की ना ’पाक’ हरकत : 36 घंटे में 6 बार तोड़ा सीजफायर, घरों को बना रहा निशाना

Photo Courtesy : India TV
जम्मू : भारत की ओर से पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में घुसकर आतंकी कैंपों को नष्ट किए जाने वाली सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान की ओर से पिछले 36 घंटे में छह बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा चुका है। जम्मू और राजौरी जिले में स्थित भारतीय सेना के पोस्ट को निशाना बनाकर पाकिस्तान की तरफ से भारी गोलीबारी की जा रही है। जम्मू के पल्लनवाला सेक्टर में कई जगहों पर पाकिस्तानी सेना की तरफ से फायरिंग की जा रही है। 
सर्जिकल स्ट्राइक से बौखलाई पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा पर बसे गांवों को भी निशाना बना रही है। हालांकि भारतीय सेना ने भी पाकिस्तानी फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया है।
सेना के जनसंपर्क अधिकारी कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर तोड़ते हुए दोपहर 1.35 बजे जम्मू जिले के पल्लनवाला सेक्टर में फायरिंग की शुराआत की। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना की तरफ से फायरिंग का जवाब दिया गया है। हालांकि भारत की ओऱ से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शाम होते होते नौशरा सेक्टर के कल्सियान में भी पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी की।
इससे पहले मंगलवार को पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के तीन इलाकों में तड़के सीजफायर तोड़ते हुए फायरिंग की शुरूआत की। पाकिस्तानी सेना ने नौशेरा सेक्टर के झांगर,कलसियान और मकरी सब सेक्टर को निशाना बनाया। सीमा पार से मोर्टार और हल्के हथियारों से फायरिंग की जा रही है। 24 घंटे के भीतर नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना ने पांच बार सीजफायर तोड़ा है।
इससे पहले सोमवार को भी पाकिस्तानी सेना ने चार बार सीजफायर का उल्लंघन किया। पुंछ जिले के सौजियां, शाहपुर-केरनी, मंडी और केजी सेक्टरों में पाकिस्तान की फायरिंग में पांच लोगों के घायल होने की खबर है। फायरिंग के दौरान तेल कंटेनर में लगी आग की वजह से कई दुकानें भी जलकर खाक हो गई हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत की ओर से आतंकी कैंपों में स्थित आतंकियों के लांच पैड्स पर हुए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान लगातार सीमा पार से गोलीबारी कर रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से ही भारत ने नियंत्रण रेखा और पाकिस्तानी सीमा से सटे गांवों से आबादी को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्यवाही शुरू कर दी थी।

कोई टिप्पणी नहीं: