शनिवार, 29 अक्टूबर 2016

शहीद हेमराज प्रकरण की पुनरावृति : शहीद जवान का शव क्षत-विक्षत कर भागा आतंकी, सेना बोली-बदला लेगें

Photo Courtesy : Northern Command
श्रीनगर : पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने एक बार फिर शहीद हेमराज प्रकरण को दोहराते हुए एक शहीद जवान के शव को क्षत-विक्षत कर दिया है। शुक्रवार को एलओसी के पास कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान सेना का एक जवान शहीद हो गया। मुठभेड़ के दौरान पाकिस्तानी गोलीबारी का फायदा उठाकर एक आतंकवादी ने शहीद के शव को क्षत-विक्षत कर दिया। शहीद जवान की पहचान मंजीत सिंह के तौर पर हुई है। मंजीत 17 सिख लाइट इन्फैंट्री में तैनात थे। सीमा पर इस बर्बरता ने दोनों मुल्कों के बीच पहले से ही चल रहे तनाव के माहौल में और भी इजाफा कर दिया है।

सेना के उधमपुर स्थित उत्तरी कमांड ने इसकी निंदा करते हुए इस घिनौने करतूत का माकूल जवाब देने का ऐलान किया है। कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर की घटना की विस्तृत जानकारी सेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर और एनएसए अजीत डोभाल को दी है। इस मामले में विदेश सचिव ने पाकिस्तान के उच्चायुक्त को समन किया है। श्रीनगर में सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस पाकिस्तानी गोलीबारी की आड़ में एक आतंकी नियत्रंण रेखा पार कर भागने में सफल हो गया। उन्होंने कहा कि इस बर्बरतापूर्ण कार्रवाई का उचित जवाब दिया जाएगा। 
ऐसा नहीं है कि पाकिस्तान की ओर से पहली बार ऐसी बर्बरता को अंजाम दिया गया है। 2013 में भी कश्मीर के मेंढर सेक्टर में एक शहीद जवान लांस नायक हेमराज सिंह का सिर काटा गया था और दूसरे शहीद के शरीर को क्षत-विक्षत किया गया था।
Photo Courtesy : Indian Express
बाद में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के इस कायरतापूर्ण कृत्य का बदला लिया था। सेना ने एलओसी पार कर तब इसका बदला चुकाया था। 29 सितंबर को उड़ी में भारतीय सेना पर आतंकी हमले के बाद सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। इसके बाद से ही पाकिस्तान की तरफ से लगतार संघर्ष विरामम का उल्लंघन कर सीमा पार से फायरिंग की जा रही है।
इस दौरान भारतीय सेना ने पाक फायरिंग की आड़ में घुसपैठ की कई कोशिशों को नाकाम किया। शुक्रवार को ऐसी ही एक मुठभेढ़ में सेना ने माछिल सेक्टर में एक आतंकी को मार गिराया। इस मुठभेढ़ में जवान मंजीत सिंह शहीद हो गए। इसके बाद ही आतंकी ने घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। पाकिस्तानी सेना इस दौरान आतंकी को कवर फायर दे रही थी। इस फायरिंग की आड़ में आतंकी भागने में भी सफल रहा।
इससे पहले बीएसएफ ने जानकारी दी थी कि पाकिस्तानी गोलीबारी का माकुल जवाब दिया जा रहा है। बीएसएफ के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी रेंजर्स के करीब 15 जवान मारे गए। इसके बाद ही पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने हेमराज घटना की पुनरावृति की है। इंटरनेशनल बॉर्डर पर बीएसएफ की जवाबी फायरिंग में सीमा पर पाक रेंजर्स के हौसले पस्त हो गए हैं। मदद के लिए पाक सेना को बुलाया गया है। पाकिस्तान के शक्करगढ़ सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर अपने आला अधिकारियों को रेडियो सेट पर जानकारी दे रहे थे कि बीएसएफ की फायरिंग में उन्हें बहुत नुकसान हो रहा है ऐसे में उनको सेना से मदद चाहिए। बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में पाक रेंजर के 15 से ज्यादा जवान मारे गए।
सीमा पार से लगातार हो रही फायरिंग की वजह से सीमा से सटे इलाके में दहशत का माहौल है। मेंढर, सांबा और कई सीमावर्ती इलाकों से लोग पलायन कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: